महाकुंभ में भूटान नरेश ने लगाई आस्था की डुबकी, सीएम योगी संग किया संगम स्नान
प्रयागराज: भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने मंगलवार को महाकुंभ के अवसर पर प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। स्नान के बाद भूटान नरेश ने त्रिवेणी संगम पर आरती और पूजा-अर्चना की।
इसके बाद वे अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। इससे पहले, सोमवार को भूटान नरेश लखनऊ पहुंचे, जहां सीएम योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गरिमापूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे भूटान नरेश ने सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
लखनऊ में भूटान नरेश ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और राजभवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद राजभवन में उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें भूटान के प्रतिनिधिमंडल, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।