Academic Session 2025-26: बागबाहरा: ब्लॉक बागबाहरा के सभी प्राचार्य एवम संकुल समन्वयकों की बैठक हुई है। विकासखंड बागबाहरा के प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों की महत्वपूर्ण बैठक बीआरसीसी कार्यालय में आयोजित हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामता प्रसाद डे और विकासखंड स्रोत समन्वयक भूपेश्वरी साहू उपस्थित रहे।

बैठक में प्रशिक्षक मुकेश चंद्र टाण्डिल्य, प्रभारी प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसूली ने शिक्षा के अधिकार के तहत अशासकीय स्कूलों की बसाहटों का चिन्हांकन और ड्रॉपआउट बच्चों के सर्वे पर प्रशिक्षण दिया। इसके बाद छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम की निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की टीबीसी सीजी ऐप पर स्कैनिंग का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल कुमार वर्मा ने निर्देश दिए कि सत्र शुरू होने से पहले पाठ्यक्रम, शाला पंचांग, शिक्षक दैनंदिनी, समय सारिणी और विद्यार्थी विकास सूचकांक तैयार करें। स्कूल पूर्ण समय तक संचालित हों। 16 जून 2025 से पहले रसोईघर, अध्यापन कक्ष, प्रधानपाठक व स्टाफ कक्ष, शौचालय और परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करें। सत्र के पहले दिन से मध्याह्न भोजन शुरू हो। शासकीय अनुदान का उपयोग मूलभूत सुविधाओं के लिए करें।

मदिरापान कर स्कूल आने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई होगी। दिव्यांग विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाएं। इको क्लब के तहत नर्सरी से पौधे लेकर स्कूल परिसर में रोपण करें और फोटो-वीडियो विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप व पोर्टल पर अपलोड करें। यू-डाइस प्रोबेशन 16 जून 2025 से पहले पूरा करें।

Tags: