Top
Begin typing your search above and press enter to search.

ट्रेन में सफर कर रही महिला का मोबाइल फटा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

ट्रेन में सफर कर रही महिला का मोबाइल फटा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
X

मुंबई। ठाणे में सोमवार रात एक लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में एक महिला यात्री के मोबाइल फोन में धमाका हो गया, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना सोमवार रात आठ बजकर 12 मिनट पर कलवा स्टेशन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-कल्याण मार्ग की उपनगरीय ट्रेन में हुई।

ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि विस्फोट के बाद डिब्बे में धुआं फैल गया, जिससे यात्री घबरा गए। उन्होंने कहा, ‘‘सीएसएमटी रेलवे नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि, यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जरूर मच गई।’’ रेलवे कर्मियों ने तुरंत आग बुझा कर स्थिति को नियंत्रण में किया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट की आवाज कम तीव्रता वाली थी, लेकिन इसके बाद डिब्बे में धुआं भर गया, जिससे कई यात्री दरवाजे की ओर भागे। रेलवे पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिस महिला के मोबाइल फोन में धमाका हुआ, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा, ‘‘घटना की जांच की जा रही है। संभव है कि मोबाइल की बैटरी में खराबी या कोई तकनीकी समस्या हो। यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करते समय सावधान रहना चाहिए।’’


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire