Top
Begin typing your search above and press enter to search.

पति की हुई मौत तो गर्भवती पत्नी से साफ कराया खून से लथपथ बिस्तर, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, नर्सिंग ऑफिसर और आया सस्पेंड

मानवता को शर्मसार करने वाला वायरल वीडियो देखें

पति की हुई मौत तो गर्भवती पत्नी से साफ कराया खून से लथपथ बिस्तर, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, नर्सिंग ऑफिसर और आया सस्पेंड
X
डिंडोरी: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक अत्यंत अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने लोगों के दिलों को झकझोर कर रख दिया है। जिला अस्पताल में 5 महीने की गर्भवती आदिवासी महिला से उसके मृत पति के खून से सना बिस्तर साफ करवाने का मामला प्रकाश में आया है। वायरल वीडियो में गर्भवती महिला को स्ट्रेचर पर लगी खून की धब्बों को साफ करते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद पूरे देश में प्रशासन और अस्पताल की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।


ज़मीन विवाद में गई पति की जान
लालपुर गांव में ज़मीन विवाद को लेकर हुए झगड़े में रघुराज मरावी (28) की जान चली गई। गुरुवार की रात घायल अवस्था में रघुराज को गढ़सरई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी रोशनी बाई, जो पांच माह की गर्भवती हैं, अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ अस्पताल पहुंचीं थीं। पति की मौत के बाद अस्पताल में मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने कथित तौर पर उन्हें उस बिस्तर को साफ करने के लिए मजबूर कर दिया, जिस पर उनके पति ने दम तोड़ा था।


शर्मनाक हरकत का वीडियो वायरल
इस घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो के वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आया और जिला स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नर्सिंग ऑफिसर राजकुमारी मरकाम और आया छोटी बाई ठाकुर को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह को करंजिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आगामी आदेश तक अटैच कर दिया गया है।


डिप्टी सीएम का कड़ा रुख
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद निंदनीय घटना है और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी।


तीन हत्याओं से हिला इलाका
डिंडोरी के लालपुर गांव में ज़मीन विवाद के कारण 31 अक्टूबर को पिता धरम सिंह मरावी (65) और उनके दो बेटों शिवराज मरावी (40) और रघुराज मरावी की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire