Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Vijay Shankar Retirement : '3D क्रिकेटर' विजय शंकर ने लिया संन्यास, IPL और घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा

Dev Verma
Vijay Shankar Retirement : 3D क्रिकेटर विजय शंकर ने लिया संन्यास, IPL और घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा
X

Vijay Shankar Retirement : चेन्नई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने 35 वर्ष की उम्र में आईपीएल, घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा भावुक नोट लिखकर अपने 25 साल लंबे क्रिकेट सफर को विराम दिया। विजय शंकर को ‘3D क्रिकेटर’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

विश्व कप 2019 का यादगार पल हमेशा रहेगा याद

विजय शंकर ने अपने विदाई संदेश में 2019 वनडे विश्व कप का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भुवनेश्वर कुमार के चोटिल होने पर उन्होंने ओवर पूरा किया और पहली ही गेंद पर विकेट चटकाया। वे विश्व कप में अपनी पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। इसके अलावा उन्होंने नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के 500वें वनडे मैच में आखिरी ओवर फेंककर टीम को यादगार जीत दिलाई थी।

3D क्रिकेटर कहलाने की दिलचस्प कहानी

विजय शंकर को ‘3D क्रिकेटर’ कहने की शुरुआत 2019 विश्व कप से हुई। तब मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने उन्हें अंबाती रायुडू की जगह टीम में शामिल करते हुए कहा था कि विजय एक थ्री-डायमेंशनल खिलाड़ी हैं, जो बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में माहिर हैं। रायुडू के तंज के बाद यह नाम क्रिकेट गलियारों में लोकप्रिय हो गया।

आईपीएल और घरेलू करियर का शानदार सफर

विजय शंकर ने आईपीएल में 78 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1233 रन बनाए और 9 विकेट लिए। वे 2022 में गुजरात टाइटंस की आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा थे। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने तमिलनाडु और त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन, विभिन्न आईपीएल फ्रेंचाइजी (GT, SRH, CSK, DC) और परिवार का आभार जताया।

करियर में झेली नफरत, लेकिन आगे बढ़ने का लिया फैसला

विजय शंकर ने अपने संदेश में खुलकर कहा कि उन्होंने करियर में बहुत नफरत और नकारात्मकता झेली, खासकर 2019 विश्व कप के बाद। लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का फैसला किया। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि सकारात्मक रहें और कड़ी मेहनत करें।

क्रिकेट जगत को दी भावुक विदाई

विजय शंकर ने अपने कोच, सपोर्ट स्टाफ, डॉक्टरों और परिवार का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सफर उनके लिए बहुत खास रहा। उन्होंने खुद को ‘आपका 3D क्रिकेटर’ लिखकर संदेश का समापन किया। उनके संन्यास की खबर से क्रिकेट प्रेमी भावुक हैं। विजय शंकर का योगदान भारतीय क्रिकेट में हमेशा याद रखा जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire