Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Uttarakhand : उत्तराखंड में बारिश बनी आफत, मलबे की चपेट में आने से मां-बेटे समेत 4 की मौत; नौ जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है। राज्य के नौ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Uttarakhand : उत्तराखंड में बारिश बनी आफत, मलबे की चपेट में आने से मां-बेटे समेत 4 की मौत; नौ जिलों में अलर्ट
X

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ से मैदान तक जनजीवन को प्रभावित किया है। पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र में बारिश के बाद पहाड़ी से आया मलबा एक मकान पर जा गिरा, जिसमें दबने से मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं केदारनाथ मार्ग पर पत्थर गिरने से एक महिला की जान चली गई। लगातार बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

मकान पर गिरा पहाड़ी का मलबा, तीन की मौत

पौड़ी जिले के सतपुली इलाके के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित महर गांव में सुबह भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा खिसककर एक मकान पर जा गिरा। मलबे में दबने से एक महिला, उसके बेटे और करीब दो साल के एक बच्चे की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया गया।

24 घंटे में नरेंद्रनगर में 265 MM बारिश

प्रदेश में सोमवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश मंगलवार को भी जारी रही। टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में 24 घंटे के भीतर 265 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी देहरादून में भी पूरी रात बारिश होती रही और सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स प्रभावित

भारी बारिश और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने वाली सात उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मौसम खराब रहने के कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और उड़ानों के संचालन में बदलाव करना पड़ा।

नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है। राज्य के नौ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित इलाकों और पहाड़ी रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire