Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Rishabh Pant: ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन के लिए CM धामी से लगाई गुहार, बोले- अपने राज्य में पहला घर बनाना चाहता हूं

पंत की अपील पर CM धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कहा- आप उत्तराखंड का गौरव हैं

Rishabh Pant: ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन के लिए CM धामी से लगाई गुहार, बोले- अपने राज्य में पहला घर बनाना चाहता हूं
X

Rishabh Pant: देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इन दिनों उत्तराखंड में जमीन लेने की कोशिश को लेकर चर्चा में हैं। पंत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन उपलब्ध कराने में मदद की अपील की थी। अब मुख्यमंत्री ने उनकी अपील पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पंत फिलहाल श्रीलंका इलेवन के खिलाफ कोलंबो में वार्म अप मैच खेल रहे हैं।

CM धामी ने पंत को बताया उत्तराखंड का गौरव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत के पोस्ट का जवाब देते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि पंत ने अपने खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। धामी ने पंत की मातृभूमि के प्रति भावनाओं और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा की भी सराहना की।

धामी ने कहा कि पंत की ओर से उठाए गए मामले में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।



तीन साल से जमीन की तलाश कर रहे पंत

पंत ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को टैग करते हुए बताया कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन साल से वह ऐसी जमीन तलाश रहे हैं, जहां अपना घर बना सकें। पंत ने मुख्यमंत्री से जमीन हासिल करने में मदद की अपील की और उत्तराखंड के विकास में योगदान देने की इच्छा जताई।

पंत ने लिखा, 'सर, मैं दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे ऐसी बड़ी और रहने लायक जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि जमीन हासिल करने में मेरी मदद करें।'



जमीन गिफ्ट में देने की भी कही बात

पंत ने आगे सरकार से जमीन उपहार के तौर पर देने की बात कही, लेकिन साथ ही तय सरकारी दरों पर जमीन खरीदने की इच्छा भी जताई।

उन्होंने लिखा, 'राज्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सबसे ऊंचे स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए एक उपहार अच्छा रहेगा। लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं इसे सरकार से तय दरों पर खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने राज्य में अपना पहला घर बना सकूं।'

श्रीलंका सीरीज से टेस्ट में वापसी

पंत को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वह हाल की सफेद गेंद की सीरीज में नहीं खेले थे। अब टेस्ट टीम में उनकी वापसी पर नजरें रहेंगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire