Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Accident : देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 4 की मौत, 3 लोग घायल

मणिमाई मंदिर के पास एक तेज रफ्तार मारुति ईको कार सड़क किनारे खड़े महिंद्रा मैक्स वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Accident : देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 4 की मौत, 3 लोग घायल
X

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून-ऋषिकेश हाईवे (NH-07) पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मणिमाई मंदिर के पास एक तेज रफ्तार मारुति ईको कार सड़क किनारे खड़े महिंद्रा मैक्स वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

देहरादून से रोहतक जा रहे थे सात लोग

जानकारी के मुताबिक, ईको कार में सात लोग सवार थे और सभी देहरादून से रोहतक की ओर जा रहे थे। मणिमाई मंदिर के समीप पहुंचने के दौरान कार सड़क किनारे खड़े महिंद्रा मैक्स वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

चार लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों और अन्य यात्रियों को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल तीन लोगों का देहरादून के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हाईवे पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

हादसे के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।

हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

एसपी देहात जया बलोनी के मुताबिक, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर सड़क किनारे खड़े वाहन से ईको कार की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियां विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही घायलों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire