Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Badrinath Highway Accident : डंपर-कार की जोरदार टक्कर में भाई-बहन ने तोड़ा दम; 2 युवतियां गंभीर

भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के मालागूंठी के पास कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई।

Badrinath Highway Accident : डंपर-कार की जोरदार टक्कर में भाई-बहन ने तोड़ा दम; 2 युवतियां गंभीर
X

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के मालागूंठी के पास कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोग बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर फंस गए थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और गैस कटर की मदद से कार को काटकर सभी को बाहर निकाला।

आमने-सामने की टक्कर से मची चीख-पुकार

पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब सवा सात बजे हुआ। कार ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी, जबकि सामने से एक डंपर आ रहा था। मालागूंठी के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर से कार को काटा और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान भाई-बहन ने तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रीनगर निवासी 22 वर्षीय ऋषभ और उनकी 24 वर्षीय बहन रक्षा सेमवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, कीर्तिनगर निवासी 20 वर्षीय सुहानी और श्रीनगर निवासी 20 वर्षीय ईशानी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर किया गया है।

सरकारी विभाग में कार्यरत थे मृतक भाई-बहन

पुलिस के अनुसार, मृतक रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित एक अस्पताल में लैब तकनीशियन के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, उनके भाई ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत थे। दोनों की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

डंपर चालक हिरासत में, जांच जारी

हादसे के बाद पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire