UPSSSC Recruitment: लेखा परीक्षक और सहायक लेखाकार के 20 पद बढ़े, अब 1957 पदों पर होगी भर्ती
UPSSSC Recruitment

UPSSSC Recruitment: लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखा परीक्षक और सहायक लेखाकार भर्ती में पदों की संख्या बढ़ा दी है। पहले यह भर्ती 1937 पदों के लिए निकाली गई थी, लेकिन अब इसमें 20 नए पद जोड़ दिए गए हैं। इसके बाद कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 1957 हो गई है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है।
3 अगस्त तक आवेदन, 10 अगस्त तक संशोधन
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थी 3 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है। आयोग ने बताया कि जो उम्मीदवार पहले ही आवेदन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्हें अपने पहले से किए गए आवेदन में संबंधित पद के लिए विकल्प और वरीयता दर्ज करना अनिवार्य होगा। इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती की अनुपूरक सूची जारी
इसी बीच आयोग ने ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती के तहत अभिलेख परीक्षण के लिए 200 अभ्यर्थियों की अनुपूरक सूची जारी की है। इसमें दिव्यांगता उपश्रेणी के 8 और उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के 192 अभ्यर्थी शामिल हैं।
9 अगस्त तक अपलोड करने होंगे दस्तावेज
आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने बताया कि चयनित अभ्यर्थी 3 से 9 अगस्त के बीच अपने प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। अभिलेख अपलोड करने की प्रक्रिया और दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।


