Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP : उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के स्वाद को मिलेगी डिजिटल पहचान, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ पोर्टल लॉन्च

UPITS 2026 के मंच से शुरू किए गए इस पोर्टल के जरिए प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय खाद्य उत्पाद और इससे जुड़े उद्यमियों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा।

UP : उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के स्वाद को मिलेगी डिजिटल पहचान, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ पोर्टल लॉन्च
X

नोएडा। उत्तर प्रदेश की समृद्ध खान-पान की विरासत को देश और दुनिया तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ (ODOC) का डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है। UPITS 2026 के मंच से शुरू किए गए इस पोर्टल के जरिए प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय खाद्य उत्पाद और इससे जुड़े उद्यमियों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के स्थानीय स्वाद को केवल सांस्कृतिक पहचान तक सीमित न रखते हुए उसे पर्यटन, रोजगार, खाद्य प्रसंस्करण और कारोबार से जोड़ना है।

स्थानीय स्वाद को मिलेगी वैश्विक पहचान

सरकार का फोकस ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में प्रदेश की पाक विरासत को आगे बढ़ाने पर है। ODOC पोर्टल के माध्यम से स्थानीय फूड उद्यमियों, छोटे कारोबारियों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और निर्यातकों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों जैसे ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, रुहेलखंड और पश्चिमी यूपी की अलग-अलग खान-पान परंपराओं को डिजिटल माध्यम से दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।

75 जिलों के खास व्यंजन एक मंच पर

ODOC पोर्टल पर प्रदेश के विभिन्न जिलों की विशेष पाक परंपराओं और प्रसिद्ध व्यंजनों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटक, फूड लवर्स, खरीदार और कारोबारी उत्तर प्रदेश के स्थानीय स्वाद से जुड़ सकेंगे।

पोर्टल पर डिस्ट्रिक्ट कुज़ीन, स्टेकहोल्डर डायरेक्टरी, योजनाएं और नीतियां, इवेंट्स, गैलरी, वीडियो, सफलता की कहानियां और प्रोडक्ट जानकारी जैसे सेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।


ODOP की तर्ज पर पाक विरासत को बढ़ावा


योगी सरकार की पहले से चल रही वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना ने प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। अब इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए ODOC के जरिए पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को नई पहचान देने की तैयारी है।

इस पहल से स्थानीय खाद्य कारोबारियों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता सुधार और बाजार विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

उत्तर प्रदेश की पाक संस्कृति यहां के इतिहास, कृषि, स्थानीय संसाधनों और परंपराओं से जुड़ी हुई है। ODOC के माध्यम से स्थानीय व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने की योजना है।

सरकार का मानना है कि पारंपरिक स्वाद को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर खाद्य उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।

डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेगा कारोबार का माध्यम

www.odoc-up.in पोर्टल को उत्तर प्रदेश की पाक विरासत के लिए एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में तैयार किया गया है। यहां उद्यमियों, खरीदारों और आम लोगों को ओडीओसी से जुड़ी सभी जानकारियां एक ही जगह उपलब्ध होंगी।

UPITS 2026 में शुरू हुई यह पहल प्रदेश के पारंपरिक स्वाद को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने और स्थानीय खाद्य कारोबार को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire