UP: 109 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं को मिली रफ्तार, वाराणसी में इको-टूरिज्म से लेकर मंदिर विकास तक बड़ा प्लान
UP

UP: वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में बैठक कर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित करीब 109.20 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाओं में स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं। साथ ही एक करोड़ रुपये तक की सभी स्वीकृत निर्माणाधीन परियोजनाएं नवंबर तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
करखियांव झील बनेगी इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन
बैठक में पिंडरा क्षेत्र के करखियांव गांव स्थित झील को करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली की परियोजनाओं में धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के सुंदरीकरण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया।
घाट, मंदिर और संग्रहालयों के विकास पर फोकस
समीक्षा के दौरान सराय मोहनाघाट पर स्थायी घाट निर्माण, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एक हजार क्षमता वाले ऑडिटोरियम, परंपरा केंद्र, प्रमुख मंदिरों के विकास और ऐतिहासिक स्थलों पर साइनेज लगाने की योजनाओं पर चर्चा हुई। वहीं संत रविदास संग्रहालय, मुंशी प्रेमचंद स्मारक संग्रहालय, वीर अब्दुल हमीद स्मारक, बड़े हनुमान मंदिर और सामाजिक-धार्मिक परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


