UP Special TET 2026 के लिए आवेदन शुरू, 3 नवंबर को होगी परीक्षा; ऐसे करें अप्लाई
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने UP Special TET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक शिक्षक अब परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आयोग के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।

UP Special TET 2026 : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने UP Special TET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक शिक्षक अब परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आयोग के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। यह परीक्षा विशेष रूप से प्रदेश में कार्यरत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है। इसके अलावा विशेष शिक्षक यानी CWSN श्रेणी के शिक्षक भी इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। UP Special TET 2026 की परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
OTR के बाद ही भर पाएंगे आवेदन फॉर्म
इस बार UP Special TET के आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) को अनिवार्य किया गया है। उम्मीदवारों को सबसे पहले आयोग की वेबसाइट पर जाकर OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। OTR पूरा होने के बाद ही शिक्षक अपने लॉगिन क्रेडेंशियल के माध्यम से परीक्षा का आवेदन फॉर्म भर सकेंगे।
आवेदन के लिए जरूरी जानकारी और दस्तावेज
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे। कार्यरत शिक्षकों को आवश्यकता के अनुसार अपना eHRMS कोड भरना होगा। वहीं CWSN श्रेणी के शिक्षकों को वैध CRR नंबर और RCI रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को फोटो, हस्ताक्षर और संबंधित दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
इन जानकारियों में बदलाव की नहीं मिलेगी सुविधा
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर उम्मीदवारों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। फाइनल सबमिशन के बाद कुछ महत्वपूर्ण जानकारियों में बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इनमें कैटेगरी, सब-कैटेगरी, जन्म तिथि और जेंडर जैसी जानकारियां शामिल हैं। इसलिए आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों को अच्छी तरह जांचने की सलाह दी गई है।
करीब 2500 विशेष और सहायक शिक्षक होंगे शामिल
UP Special TET 2026 का आयोजन प्रदेश में कार्यरत शिक्षकों की पात्रता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस परीक्षा के दायरे में करीब 2500 विशेष और सहायक शिक्षक आने की संभावना है।


