Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Special TET 2026 : 62 हजार शिक्षकों के लिए जल्द होगी स्पेशल TET, सिलेबस-पैटर्न जारी; नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग

उत्तर प्रदेश में लंबे समय से सेवा दे रहे नॉन-TET शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने ऐसे शिक्षकों के लिए स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित करने की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है।

UP Special TET 2026 : 62 हजार शिक्षकों के लिए जल्द होगी स्पेशल TET, सिलेबस-पैटर्न जारी; नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
X

UP Special TET 2026: लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लंबे समय से सेवा दे रहे नॉन-TET शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने ऐसे शिक्षकों के लिए स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित करने की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से परीक्षा का विज्ञापन और तारीख जारी किए जाने का इंतजार है। तैयारी है कि स्पेशल TET का आयोजन दिसंबर 2026 से पहले कराया जाए।

स्पेशल TET में कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा 150 अंकों की होगी। खास बात यह है कि गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के अंक नहीं काटे जाएंगे यानी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

करीब 62 हजार शिक्षकों को मिलेगा मौका

प्रदेश में पहले से कार्यरत ऐसे शिक्षकों के लिए स्पेशल TET आयोजित करने की तैयारी है, जिन्होंने अभी तक शिक्षक पात्रता परीक्षा पास नहीं की है। सरकार की कार्ययोजना के मुताबिक करीब 56,818 कार्यरत शिक्षक इसके दायरे में बताए जा रहे हैं, जबकि व्यापक तौर पर यह संख्या लगभग 62 हजार मानी जा रही है।

बताया गया है कि पहले प्रदेश में ऐसे शिक्षकों की संख्या करीब डेढ़ लाख थी। हाल में आयोजित UP TET 2026 में इनमें से करीब 86 हजार शिक्षकों के सफल होने के बाद अब शेष शिक्षकों को स्पेशल TET के जरिए एक और अवसर देने की तैयारी है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद स्पेशल TET की तैयारी

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए भी TET पास करना जरूरी हो गया है। निर्धारित समय के भीतर पात्रता परीक्षा पास नहीं करने पर संबंधित शिक्षकों की नौकरी और प्रमोशन पर असर पड़ सकता है।

फैसले के तहत शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक TET पास करना होगा। इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने लंबे समय से सेवा दे रहे नॉन-TET शिक्षकों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है।

150 सवाल और ढाई घंटे का मिलेगा समय

स्पेशल TET के प्रस्तावित परीक्षा पैटर्न के मुताबिक प्रश्नपत्र में कुल 150 सवाल होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और पूरा पेपर 150 अंकों का रहेगा। परीक्षा को हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा।

परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं होगा। यानी गलत जवाब देने पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा। भाषा से संबंधित विषयों को छोड़कर अन्य प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध कराए जाएंगे।

सामान्य वर्ग को चाहिए होंगे 60 प्रतिशत अंक

स्पेशल TET में सफल होने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के शिक्षकों को 150 में कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।

वहीं SC, ST, OBC, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, पूर्व सैनिक और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक का मानदंड रखा गया है। इस श्रेणी के उम्मीदवारों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 82 अंक प्राप्त करने होंगे।

कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों का सिलेबस

प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के स्पेशल TET प्रश्नपत्र को पांच हिस्सों में बांटा जाएगा। हर खंड से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे। बाल विकास एवं शिक्षण विधि से 30 प्रश्न, प्रथम भाषा हिंदी से 30 प्रश्न और द्वितीय भाषा अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से चयनित भाषा से 30 प्रश्न होंगे। इसके अलावा गणित से 30 और पर्यावरण अध्ययन से 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस तरह प्रश्नों की कुल संख्या 150 होगी।

कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए अलग पैटर्न

उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए विषय आधारित प्रश्न भी शामिल किए जाएंगे। बाल विकास एवं शिक्षण विधि, हिंदी और दूसरी भाषा से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे।

इसके बाद शिक्षक के विषय के अनुसार गणित-विज्ञान या सामाजिक अध्ययन/सामाजिक विज्ञान से प्रश्न होंगे। अन्य विषयों से जुड़े शिक्षक आयोग की ओर से निर्धारित विकल्पों के अनुसार विषय का चयन कर सकेंगे।

जल्द जारी हो सकती है परीक्षा की तारीख

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्पेशल TET की कार्ययोजना को मंजूरी मिलने के बाद अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की तरफ से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आयोग परीक्षा का विज्ञापन जारी करने के साथ आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख की जानकारी देगा।

स्पेशल TET उन हजारों कार्यरत शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण होगी, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर TET की पात्रता हासिल करनी है। ऐसे में परीक्षा की आधिकारिक तारीख और आवेदन कार्यक्रम पर प्रदेश के हजारों शिक्षकों की नजर बनी हुई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire