UP Police Constable Bharti Result: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी, 76 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी सफल; सितंबर में होगा फिजिकल टेस्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। UP Police Constable Recruitment 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से जारी नतीजों में 76,184 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे।
32 हजार से अधिक पदों के लिए हुई थी परीक्षा
इस भर्ती अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस में 32 हजार से अधिक कांस्टेबल पदों पर नियुक्ति की जानी है। लिखित परीक्षा का आयोजन 9 और 10 जून 2026 को किया गया था। परीक्षा में करीब 21.92 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अब इनमें से 76,184 उम्मीदवारों ने अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया है।
300 अंकों की थी लिखित परीक्षा
कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में कुल 150 सवाल पूछे गए थे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक निर्धारित थे, जिससे पेपर कुल 300 अंकों का था। वहीं गलत उत्तर देने पर 0.5 अंक की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया था। बोर्ड ने 20 जून को परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की भी जारी की थी।
कैटेगरी के अनुसार कटऑफ
लिखित परीक्षा में अलग-अलग वर्गों के लिए कटऑफ भी निर्धारित की गई। पुरुष अभ्यर्थियों में अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 258.03661, EWS की 247.93434, OBC की 251.63020, SC की 239.34407 और ST की 220.10639 रही। महिला अभ्यर्थियों के लिए अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 255.84346, EWS की 247.35926, OBC की 249.27083, SC की 236.31995 और ST की 211.47988 रही।
17 अगस्त से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) की प्रक्रिया से गुजरना होगा। बोर्ड के अनुसार दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए सितंबर में फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) आयोजित किया जाएगा। फिजिकल टेस्ट का विस्तृत शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
पुरुषों को 4.8 किमी, महिलाओं को 2.4 किमी दौड़
फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग दौड़ का मानक निर्धारित है। पुरुष उम्मीदवारों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में, जबकि महिला उम्मीदवारों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी। फिजिकल चरण में सफल उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर भर्ती की अंतिम प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
अभ्यर्थी अपना परिणाम UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। वेबसाइट के होमपेज पर UP Police Constable Result 2026 लिंक पर क्लिक करने के बाद मांगी गई जानकारी दर्ज कर लॉगिन करना होगा। रिजल्ट खुलने के बाद अपना स्कोर और क्वालीफाइंग स्टेटस जांच लें। भविष्य के लिए रिजल्ट या मेरिट लिस्ट का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है।


