Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : 8वीं मंजिल से कूदकर पशु चिकित्सक ने दी जान, 1.40 करोड़ की ठगी के बाद लिखा सुसाइड नोट

गोरखपुर में डॉ. परमात्मा सिंह की मौत से सनसनी, सुसाइड नोट में ठगी मामले की आरोपी गरिमा सिंह का नाम; पुलिस ने जांच तेज की

UP News : 8वीं मंजिल से कूदकर पशु चिकित्सक ने दी जान, 1.40 करोड़ की ठगी के बाद लिखा सुसाइड नोट
X

UP News : गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक पशु चिकित्सक की मौत ने सनसनी फैला दी। गोरखनाथ क्षेत्र के बसंत इंक्लेव अपार्टमेंट में डा. परमात्मा सिंह ने गुरुवार सुबह आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें जालसाजी के एक मामले में जेल भेजी जा चुकी आरोपी गरिमा सिंह का नाम लिखा बताया जा रहा है।

1.40 करोड़ की ठगी का दर्ज कराया था केस

पुलिस के मुताबिक डा. परमात्मा सिंह ने करीब आठ दिन पहले एम्स थाने में गरिमा सिंह और उसके गिरोह के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में गरिमा सिंह के अलावा उसके सेवानिवृत्त रेलकर्मी पिता, शिक्षक पति समेत अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस गरिमा सिंह और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

कई थानों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार गरिमा सिंह के कथित गिरोह के खिलाफ एम्स थाने में तीन और सहजनवा थाने में एक मामला दर्ज है। पुलिस इन मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

आठवीं मंजिल से लगाई छलांग

डा. परमात्मा सिंह मूल रूप से मऊ जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के रहने वाले थे। वह गोरखनाथ के बसंत इंक्लेव में परिवार के साथ रह रहे थे। पेशे से पशु चिकित्सक डा. सिंह वर्तमान में महराजगंज जिले के एक ब्लॉक में तैनात थे। गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे डायल 112 पर घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।

सुसाइड नोट और ठगी के मामले की जांच साथ-साथ

पुलिस अब सुसाइड नोट में लिखी बातों और 1.40 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मुकदमे के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही मौत की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire