UP News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 7 हजार पन्नों में जुटाए साक्ष्य, 22 सितंबर को दाखिल हो सकती है चार्जशीट
8 आरोपियों के खिलाफ जुटाए साक्ष्य

UP News: अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की जांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। आठों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाने का दावा पुलिस ने किया है। करीब 7 हजार पन्नों की केस डायरी तैयार हो चुकी है। 22 और 23 सितंबर को चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है।
CCTV में 70 से ज्यादा संदिग्ध गतिविधियां
शुरुआती जांच में 27 अप्रैल से 5 जून के बीच मंदिर परिसर के CCTV फुटेज खंगाले गए। इसमें चढ़ावे की रकम को छिपाने या निकालने से जुड़ी 70 से ज्यादा संदिग्ध गतिविधियां सामने आने की बात कही गई थी। अब इन फुटेज और दूसरे साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।
नकदी, वाहन और आभूषण भी साक्ष्य
चार्जशीट में आरोपियों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और CCTV फुटेज शामिल किए जाएंगे। पुलिस ने जांच के दौरान बरामद नकदी, वाहन, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी केस का हिस्सा बनाया है। आरोपियों की भूमिका को साक्ष्यों से जोड़कर अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जोन स्तर पर हुई समीक्षा
चार्जशीट दाखिल करने से पहले जांच के प्रमुख बिंदुओं की जोन स्तर पर समीक्षा हो चुकी है। केस डायरी में शामिल साक्ष्यों की कानूनी मजबूती और आठों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या फिर बढ़ी
चढ़ावा चोरी की घटना के बाद विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई थी। अब स्थिति में सुधार दिख रहा है। शुक्रवार को अमेरिका से आए 10 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। इनमें 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे। मंदिर में नई व्यवस्थाओं और पारदर्शिता से श्रद्धालुओं का भरोसा बढ़ने की बात कही जा रही है।


