Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

UP Japan Investment Meet 2026: जापान के 200 से ज्यादा उद्यमी आयेंगे उत्तर प्रदेश, सीएम योगी से निवेश पर होगी चर्चा

उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए UP-Japan Investment Meet 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

UP Japan Investment Meet 2026: जापान के 200 से ज्यादा उद्यमी आयेंगे उत्तर प्रदेश, सीएम योगी से निवेश पर होगी चर्चा
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए UP-Japan Investment Meet 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जापान से 200 से अधिक उद्योगपति, CEO और कारोबारी प्रतिनिधियों के उत्तर प्रदेश आने की तैयारी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जापानी कंपनियों को प्रदेश में निवेश, तकनीकी सहयोग, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। Invest UP के मुताबिक जापानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे में मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग, GCC, पर्यटन और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

जापान के बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का होगा स्वागत

जापान से आने वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में यामानाशी प्रीफेक्चर के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। Invest UP पहले ही जापानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे और निवेश अवसरों को लेकर तैयारियां शुरू कर चुका है। प्रस्तावित कार्यक्रम में जापानी कंपनियों और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच Government-to-Business और Business-to-Business बैठकें आयोजित की जाएंगी।

दिल्ली से लखनऊ तक चलेगा निवेश संवाद

कार्यक्रम के तहत नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में निवेश से जुड़े सत्र आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ में होने वाले मुख्य निवेश सम्मेलन में जापानी कंपनियों को प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी जाएगी। आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी जैसे शहरों में भी अलग-अलग क्षेत्रों को लेकर कारोबारी संवाद प्रस्तावित है।

इस पहल को उत्तर प्रदेश और जापान के बीच पहले से मजबूत हो रहे आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। Invest UP के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा के दौरान जापानी कंपनियों के साथ बड़े निवेश समझौते भी हुए थे।

YEIDA में जापानी कंपनियों के लिए बड़ा औद्योगिक आधार

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी YEIDA क्षेत्र को जापानी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा और मिंडा कॉरपोरेशन जैसी कंपनियों की परियोजनाओं को लेकर निवेश और रोजगार की संभावनाएं सामने आई हैं।

एस्कॉर्ट्स कुबोटा की प्रस्तावित परियोजना में ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन उपकरणों से जुड़े उत्पादन पर फोकस है, जबकि मिंडा कॉरपोरेशन की परियोजनाओं में ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स और संबंधित तकनीक शामिल है। इन परियोजनाओं के जरिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।

500 एकड़ में प्रस्तावित ‘Japanese City’

जापानी औद्योगिक निवेश को एक मजबूत इकोसिस्टम देने के लिए YEIDA में करीब 500 एकड़ भूमि पर समर्पित Japanese City विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य जापानी कंपनियों, उनके सप्लायर्स और सहायक उद्योगों को एक ही औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध कराना है।इससे सप्लाई चेन मजबूत होने, तकनीकी हस्तांतरण बढ़ने और स्थानीय स्तर पर छोटे-बड़े सहायक उद्योग विकसित होने की संभावना है।

ग्रीन एनर्जी से सेमीकंडक्टर तक कई सेक्टर पर नजर

Investment Meet में कई उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसमें रिन्यूएबल एनर्जी, क्लीन टेक्नोलॉजी और ग्रीन हाइड्रोजन के अलावा ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्रमुख हैं।

इसके साथ Global Capability Centres (GCC), डेटा सेंटर, स्किल डेवलपमेंट, तकनीकी प्रशिक्षण और Industry-Academia Partnership को भी निवेश संवाद का हिस्सा बनाया गया है। पर्यटन क्षेत्र में वाराणसी, सारनाथ और कुशीनगर जैसे बौद्ध सर्किट से जुड़े अवसरों को भी जापानी निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

निवेश को जमीन पर उतारने पर जोर

उत्तर प्रदेश सरकार की कोशिश सिर्फ निवेश प्रस्तावों तक सीमित रहने के बजाय परियोजनाओं को जमीन पर उतारने की है। इसी दिशा में संभावित निवेशों के लिए MoU, Letters of Comfort और भूमि आवंटन जैसी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य से जुड़ी पहल

UP-Japan Investment Meet को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य से भी जोड़कर देखा जा रहा है। जापान से पूंजी, तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग विशेषज्ञता लाकर प्रदेश को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में मजबूत करने की रणनीति है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire