Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP में बड़े स्तर पर ट्रांसफर; 20 IPS अधिकारियों के तबादले, 11 जिलों के बदले पुलिस कप्तान

UP Police Transfer : पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई जिलों में नई तैनाती

UP में बड़े स्तर पर ट्रांसफर; 20 IPS अधिकारियों के तबादले, 11 जिलों के बदले पुलिस कप्तान
X

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। योगी सरकार ने पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए 20 IPS अधिकारियों की नई तैनाती की है। इस बदलाव में बस्ती, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर, बाराबंकी, जालौन, बागपत और मथुरा समेत कई जिलों के पुलिस कप्तानों को बदला गया है।

ADG ए सतीश गणेश के प्रभार में भी बदलाव

तबादला सूची के साथ अपर पुलिस महानिदेशक ए सतीश गणेश के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। उनसे अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वह अपर पुलिस महानिदेशक यातायात और सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, वापस लिया गया अपराध का अतिरिक्त प्रभार भगवान एस श्रीवास्तव को सौंपा गया है। भगवान एस श्रीवास्तव के पास तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।

जौनपुर और बस्ती में बदले पुलिस कप्तान

तबादले के तहत बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक पीएसी मुख्यालय भेजा गया है। बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को बस्ती का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

बाराबंकी और मुजफ्फरनगर में भी नई तैनाती

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP के पद पर तैनात रवीना त्यागी को बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में DCP की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को 04वीं वाहिनी PAC प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया है।

बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू DGP के पद पर तैनात पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

हापुड़, मऊ और गाजीपुर में भी बदलाव

हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुँवर ज्ञानञ्जय सिंह को पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज में DCP बनाया गया है। मऊ के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर को DGP मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, 04वीं वाहिनी PAC प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ईरज राजा को बलिया का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, मथुरा के पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत को जालौन का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

आजमगढ़ और बरेली में भी अधिकारियों का फेरबदल

आजमगढ़ में भी पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ के पद पर तैनात चिराग जैन को पुलिस अधीक्षक नगर बरेली बनाया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर बरेली मानुष पारीक को पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। मधुवन कुमार सिंह को भी पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ के पद से हटाकर हापुड़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

मथुरा में नई जिम्मेदारी

हरदोई में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा बनाया गया है। इस तबादला सूची के जरिए यूपी पुलिस के कई जिलों में नेतृत्व स्तर पर बदलाव किया गया है। बड़े स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद अब नई तैनाती वाले अधिकारियों के सामने अपने-अपने जिलों में पुलिस व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी होगी।





Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire