UP Crime : नकली नोटों के बाद नकली सिक्कों का खेल, 20 रुपये के 6 हजार फर्जी क्वाइन के साथ दो आरोपी पकड़े गए
नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 रुपये के करीब 6 हजार नकली सिक्कों के साथ दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नकली मुद्रा के मामले के बीच अब नकली सिक्कों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 रुपये के करीब 6 हजार नकली सिक्कों के साथ दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। बरामद सिक्कों की कुल कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली सिक्के कहां तैयार किए जा रहे थे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
लाखनौर से पकड़े गए आरोपी, पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक, जिले में पिछले कुछ समय से नकली सिक्कों की सप्लाई की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए लाखनौर क्षेत्र से कुलदीप और विपिन नाम के दो लोगों को पकड़ा।
पूछताछ में सामने आया कि नकली सिक्कों को बाहर से लाकर सहारनपुर के अलग-अलग इलाकों में दुकानदारों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
400 रुपये कमीशन के लिए बाजार में चलाते थे नकली सिक्के
जांच में नकली सिक्कों को बाजार में खपाने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि एक थैली में करीब 4 हजार रुपये के नकली सिक्के होते थे।
इन सिक्कों को दुकानों पर चलाने के बदले आरोपियों को करीब 400 रुपये तक कमीशन दिया जाता था। खुले पैसों की जरूरत वाले दुकानदारों को निशाना बनाकर इन नकली सिक्कों को बाजार में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि नकली सिक्कों से जुड़े मामले में जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिक्कों की खेप कहां तैयार की गई, इन्हें सहारनपुर तक कैसे पहुंचाया गया और अब तक कितनी मात्रा में इन्हें बाजार में उतारा जा चुका है।
नकली नोट मामले के बीच सामने आया सिक्कों का मामला
गौरतलब है कि सहारनपुर में पीएनबी करेंसी चेस्ट से जुड़े 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों के मामले की जांच एनआईए कर रही है। इसी बीच नकली सिक्कों की बरामदगी ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।


