Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Ram Mandir Trust : अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO के लिए इंटरव्यू की डेट तय, 5200 आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी

अयोध्या स्थित राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

Ram Mandir Trust : अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO के लिए इंटरव्यू की डेट तय, 5200 आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी
X

अयोध्या। अयोध्या स्थित राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति ने प्राप्त करीब 5,200 आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी कर ली है। अब चयनित उम्मीदवारों के इंटरव्यू 11 और 12 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू के लिए shortlisted आवेदकों को इसकी सूचना भेज दी गई है।

दो दिन चलेगा इंटरव्यू का दौर

सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली चयन समिति उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगी। यह प्रक्रिया अयोध्या में राम मंदिर परिसर स्थित पीएफसी में आयोजित की जाएगी। इंटरव्यू पूरा होने के बाद समिति तीन योग्य उम्मीदवारों के नामों का पैनल तैयार कर राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपेगी।

सितंबर में ट्रस्ट की बैठक में होगा फैसला

चयन समिति की ओर से तैयार तीन नामों का पैनल 2 सितंबर को प्रस्तावित राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में रखा जाएगा। ट्रस्टियों की मंजूरी के बाद पैनल में शामिल किसी एक उम्मीदवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद के लिए चुना जाएगा। इसके बाद चयनित नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। CEO की नियुक्ति का उद्देश्य मंदिर से जुड़ी प्रशासनिक और प्रबंधन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।

चढ़ावा चोरी मामले की जांच भी जारी

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले की जांच भी आगे बढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एसआईटी की निगरानी में पुलिस टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। जांच का दायरा अब केवल हाल के वित्तीय वर्षों तक सीमित नहीं है, बल्कि मंदिर ट्रस्ट के गठन के समय से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

2020-21 से खंगाले जा रहे वित्तीय रिकॉर्ड

जांच टीम अब वित्तीय वर्ष 2020-21 से लेकर आगे के वर्षों के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। ट्रस्ट के विभिन्न खातों, चालू और बचत खातों के साथ सावधि जमा से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस अधिकारियों की ओर से पुराने और वर्तमान कर्मचारियों को भी बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि अलग-अलग बयानों में किसी तरह का विरोधाभास सामने आए तो उसे स्पष्ट किया जा सके।

रोजाना एसआईटी को भेजी जा रही प्रगति रिपोर्ट

जांच से जुड़ी कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से एसआईटी अधिकारियों को भेजी जा रही है। अधिकारी इन रिपोर्टों की समीक्षा कर आगे की जांच की दिशा तय कर रहे हैं। बैंक से जुड़े अधिकारियों से भी रिकॉर्ड और लेनदेन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया के बीच अब राम मंदिर के नए CEO की नियुक्ति पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire