BJP को बड़ा झटका, 4 बार विधायक रहे दलवीर सिंह ने छोड़ी पार्टी, अखिलेश यादव की मौजूदगी में पोते अजय-विजय के साथ थामा सपा का दामन
2012 में वह रालोद के टिकट पर बरौली से जीते थे। 2017 में भाजपा के टिकट पर उन्होंने चुनाव जीता था।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की बरौली विधानसभा सीट की राजनीति में नया बदलाव सामने आया है। पूर्व विधायक दलवीर सिंह ने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। गुरुवार को लखनऊ में उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। उनके साथ उनके पौत्र अजय सिंह और विजय सिंह भी सपा में शामिल हुए।
चार बार विधायक रह चुके हैं दलवीर सिंह
दलवीर सिंह बरौली से चार बार विधायक रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर जनता दल, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल और भाजपा से जुड़ा रहा है। 2012 में वह रालोद के टिकट पर बरौली से जीते थे। 2017 में भाजपा के टिकट पर उन्होंने चुनाव जीता था।
पोतों के सपा में आने से बढ़ी चर्चा
दलवीर सिंह के दोनों पौत्र अजय और विजय सिंह भी बरौली क्षेत्र में सक्रिय हैं। अजय सिंह 2022 में भाजपा से बरौली सीट के लिए टिकट के दावेदार थे। अब विजय सिंह के सपा में शामिल होने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनके नाम की चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, सपा ने अभी किसी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।
बरौली में बदले राजनीतिक समीकरण
2022 के विधानसभा चुनाव में बरौली सीट भाजपा के जयवीर सिंह ने जीती थी। दलवीर सिंह और उनके परिवार के सपा में जाने के बाद क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आने वाले समय में पार्टी का टिकट और गठबंधन का स्वरूप इस सीट की राजनीति की दिशा तय करेगा।


