Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News: आधी रात झोपड़ी में भड़की आग, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, महिला गंभीर

देवरिया के नोनापार गांव में दशहरा मनाकर सो रहा था परिवार, ससुर-दामाद और 3 साल के मासूम की जलकर मौत, आग लगने की वजह अज्ञात

UP News: आधी रात झोपड़ी में भड़की आग, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, महिला गंभीर
X

UP News: देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दशहरा मनाने के बाद सो रहे एक परिवार पर आधी रात को ऐसा कहर टूटा कि तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में मंगलवार देर रात एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। भीषण आग की चपेट में आने से बुजुर्ग ससुर, उनके दामाद और तीन साल के मासूम की मौत हो गई। वहीं, बुजुर्ग की बेटी गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, परिवार दशहरा मनाकर घर लौटा था। खाना खाने के बाद सभी लोग झोपड़ी में सो गए। रात करीब दो बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक परिवार के लोगों की नींद खुली, तब तक आग की लपटें चारों ओर फैल चुकी थीं। भीषण आग के कारण अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।

झोपड़ी से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने और अंदर फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद लीला को बाहर निकाला गया, लेकिन बालकिशुन, जितेंद्र प्रसाद और तीन साल का शनि आग में बुरी तरह झुलस गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बालकिशुन (56), जितेंद्र प्रसाद (32) और शनि (3) को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में लीला (30) गंभीर रूप से झुलस गई हैं। बताया गया है कि उनका शरीर करीब 60 से 70 प्रतिशत तक जल गया है। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

दूसरी झोपड़ी में सो रहा था परिवार का बेटा

बालकिशुन का बेटा रतन परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पास की दूसरी झोपड़ी में सो रहा था। आग की लपटें देखकर वह घटनास्थल की ओर दौड़ा। रतन के मुताबिक, उसके पिता, बहन, बहनोई और भांजा एक ही झोपड़ी में सो रहे थे। अचानक लगी आग ने परिवार को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल झोपड़ी में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire