Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : 25 फीट गहरे गड्ढे में समाई 18 साल की युवती, 7 घंटे बाद निकाला गया बाहर; अस्पताल में मौत

रक्षाबंधन के दिन घर का आंगन धंसने से बोरिंग में गिरी यशी, NDRF-SDRF समेत 60 जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन; नहीं बच सकी जान

UP News : 25 फीट गहरे गड्ढे में समाई 18 साल की युवती, 7 घंटे बाद निकाला गया बाहर; अस्पताल में मौत
X

UP News : कानपुर। रक्षाबंधन के दिन कानपुर के पुरवामीर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घर का आंगन अचानक धंसने से 18 वर्षीय यशी सविता करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बाथरूम से निकलते ही धंसी जमीन

हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6:40 बजे महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुआ। रक्षाबंधन के मौके पर यशी नहाकर बाथरूम से बाहर आई थी। जैसे ही उसने आंगन की ओर कदम बढ़ाया, अचानक जमीन धंस गई और वह नीचे मौजूद बोरिंग में जा गिरी। उस समय घर में यशी की बड़ी बहन ऋचा मौजूद थी। उसने तुरंत रस्सी के सहारे बहन को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान और मिट्टी धंस गई और यशी गहराई में चली गई।

फायर ब्रिगेड के बाद NDRF-SDRF ने संभाला मोर्चा

बहन की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। करीब 15 मिनट में पुलिस पहुंच गई। इसके बाद जाजमऊ से फायर ब्रिगेड की टीम बुलाई गई। सुबह करीब 8:15 बजे फायरकर्मी पहुंचे और हाथों से मिट्टी हटाकर रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन लगातार मिट्टी धंसने के कारण अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद जेसीबी की मदद से घर का बरामदा तोड़ा गया और हादसे वाली जगह से करीब 10 फीट दूर खुदाई शुरू की गई। करीब 9:30 बजे NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।

30 फीट खुदाई के बाद मिली यशी

यशी की लोकेशन का पता नहीं चल पाने पर पोकलेन मशीन की मदद ली गई। करीब 20 फीट खुदाई के बाद भी सफलता नहीं मिली, जिसके बाद 10 फीट और गहराई तक खुदाई की गई। दोपहर करीब 2:50 बजे, लगभग 30 फीट नीचे 60 जवानों की रेस्क्यू टीम यशी तक पहुंच सकी। उसे बाहर निकाला गया तो वह अचेत अवस्था में थी। तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

परिवार में सबसे छोटी थी यशी

यशी अपने पिता विनोद, मां रेखा, बड़ी बहन ऋचा और भाई अमित उर्फ भास्कर के साथ रहती थी। वह परिवार में सबसे छोटी थी। उसकी दो बड़ी बहनों रूपा और अनुपमा की शादी हो चुकी है, जबकि भाई अमित लखनऊ में मेडिकल कंपनी में काम करता है। पिता बटाई पर खेती करते हैं। रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन हादसे की परिस्थितियों और घर के आंगन के अचानक धंसने के कारणों की जांच कर रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire