Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Crime : पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज पति ने की सास की हत्या, भूसे में जलाया शव

पीलीभीत में सनसनीखेज वारदात का आरोप, राख के ढेर से जली हड्डियां और चूड़ियां बरामद; डीएनए रिपोर्ट से होगी मृतका की पहचान.

UP Crime : पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज पति ने की सास की हत्या, भूसे में जलाया शव
X

UP Crime : पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमरिया थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव में एक महिला की कथित हत्या के बाद शव को भूसे के ढेर में जलाने का आरोप उसके दामाद पर लगा है। राख में जली हुई हड्डियां और चूड़ियां मिलने के बाद मृतका के बेटे ने अपने जीजा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि बरामद हड्डियां उसी महिला की हैं या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने डीएनए जांच के लिए नमूने भेजे हैं।

रात में सास के घर पहुंचा था दामाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 65 वर्षीय मोहन देई गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास बने अपने दूसरे मकान में रहती थीं। 31 जुलाई की रात करीब 8 बजे उनका दामाद महेंद्र पाल वहां पहुंचा और रात में वहीं रुका। मृतका के बेटे सुरेश कुमार का आरोप है कि उसकी बहन का अपनी मां के पास आना महेंद्र पाल को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर वह नाराज रहता था। आरोप है कि मौका पाकर उसने अपनी सास की हत्या कर दी और घटना छिपाने के लिए शव को घर के बाहर बने भूसे के ढेर में डालकर आग लगा दी।

तलाश के बाद राख में मिलीं हड्डियां और चूड़ियां

अगले दिन जब मोहन देई दिखाई नहीं दीं तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। गुरुवार शाम भूसे के जले हुए ढेर की राख हटाई जा रही थी। इसी दौरान वहां जली हुई हड्डियां और चूड़ियां मिलीं। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी और मामले ने नया मोड़ ले लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले अवशेषों को जांच के लिए भेजा जा रहा है।

DNA रिपोर्ट से होगी पहचान

सीओ सदर नताशा गोयल के मुताबिक, बरामद हड्डियों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद अवशेष मोहन देई के हैं या नहीं। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी विस्तृत जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस डीएनए रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire