UP Crime : गोरखपुर में पुलिसकर्मी पर संगीन आरोप: बच्ची की हत्या के बाद शव नदी में फेंका, NSA की तैयारी

UP Crime : गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डायल-112 में तैनात एक सिपाही पर 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, कथित दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नदी से बच्ची का शव बरामद किया है। मामले की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ के कप्तानगंज क्षेत्र का एक परिवार पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में किराए के मकान में रह रहा है। परिवार की बड़ी बेटी जिला अस्पताल में भर्ती थी। 28 जुलाई की रात 10 वर्षीय बच्ची अपनी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल पहुंची थी। देर रात घर लौटते समय वह लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 विशेष टीमें गठित कीं और जिला अस्पताल सहित आसपास के करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आए एक वीडियो में वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी को बच्ची से बात करते और फिर उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाते देखा गया।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने डायल-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गुरुवार सुबह नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया।
बच्ची की बड़ी बहन ने भी पुलिस को बताया कि अस्पताल में एक वर्दीधारी व्यक्ति ने परिवार का पता पूछा था और रात अधिक होने का हवाला देकर बच्ची को घर छोड़ने की बात कही थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी बच्ची को अपने साथ ले गया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी सिपाही अभिषेक यादव पहले भी विवादों में रह चुका है। जनवरी 2025 में एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में उसे निलंबित कर जेल भेजा गया था, हालांकि सितंबर 2025 में उसकी सेवा बहाल कर दी गई थी।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उसे सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति भेज दी है और उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कथित यौन अपराध की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही की जाएगी।


