Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Crime : घर में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या, कमरे से आंगन तक मिले खून के निशान

इटावा के चंदेठी गांव में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, चारपाई के पास खून से सनी दराती मिली; ससुराल विवाद समेत कई एंगल पर पुलिस की जांच जारी

UP Crime : घर में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या, कमरे से आंगन तक मिले खून के निशान
X

UP Crime : इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में सोमवार सुबह डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव में घर के अंदर 55 वर्षीय पुष्पा देवी यादव और उनकी 38 वर्षीय बेटी निर्मला देवी उर्फ मंजू की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात का पता तब चला, जब दूध देने पहुंचा दूधिया काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर परिवार को सूचना दी।

कमरे से आंगन तक खून की लकीर

पुलिस के मुताबिक पुष्पा देवी का शव घर के आंगन में फर्श पर पड़ा मिला, जबकि उनकी बेटी निर्मला का शव करीब 10 मीटर दूर कमरे में चारपाई पर मिला। कमरे में चारपाई के पास खून से सनी दराती भी बरामद हुई है। जांच के दौरान कमरे से आंगन तक खून के निशान मिले, जिससे आशंका है कि निर्मला के शव को कमरे से घसीटकर आंगन तक लाया गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही भरथना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दूधवाले की सूचना से खुला राज

गांव के दूध कारोबारी राजीव के मुताबिक वह लंबे समय से सुरेश चंद्र के घर दूध पहुंचाता है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे जब वह दूध देने पहुंचा तो कई बार आवाज लगाने और गेट खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद उसने नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे सुरेश चंद्र को फोन किया। सुरेश ने बताया कि घर में उसकी पत्नी और बेटी मौजूद हैं। शक होने पर दूध कारोबारी ने घर के पीछे जाकर खिड़की से अंदर देखा, जहां उसे दोनों के शव नजर आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

ससुराल विवाद की भी जांच

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका निर्मला देवी का अपने ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा था। वर्ष 2021 में उसकी शादी मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र निवासी सतेन्द्र कुमार उर्फ मन्नी से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद पति और देवरों से विवाद के बाद वह मायके लौट आई थी और करीब पांच साल से अपनी मां के साथ रह रही थी।

निर्मला का तलाक संबंधी मामला भी अदालत में चल रहा था। पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को कोर्ट ने पति को निर्मला के लिए 7 हजार रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण देने का आदेश दिया था। इस घटनाक्रम को भी जांच में एक महत्वपूर्ण एंगल के तौर पर देखा जा रहा है।

14-15 अगस्त को घर के आसपास दिखा था संदिग्ध युवक

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि 14 और 15 अगस्त को एक युवक को स्कूटी से घर के आसपास आते-जाते देखा गया था। 15 अगस्त के बाद घर में कोई गतिविधि नजर नहीं आई। दूध कारोबारी ने बताया कि रविवार को भी वह दूध देने आया था, लेकिन गेट नहीं खुला। रविवार शाम दोबारा पहुंचने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।

एसएसपी के मुताबिक शुरुआती जांच में घर से सामान चोरी होने या लूट के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। इसलिए फिलहाल मामला लूट के लिए हत्या का नहीं माना जा रहा। पुलिस ससुराल विवाद, संदिग्ध युवक और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और पूछताछ के बाद वारदात की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire