Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Crime : योग शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी, 40 युवाओं से धोखाधड़ी का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार

झांसी में सरकारी स्कूलों में योग शिक्षक की नौकरी का झांसा देकर 40 लोगों से ठगी का आरोप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अब भी फरार।

UP Crime : योग शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी, 40 युवाओं से धोखाधड़ी का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार
X

UP Crime : झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में सरकारी स्कूलों में योग शिक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। नवाबाद थाना पुलिस ने शनिवार, 25 अक्टूबर को आरोपी राजेश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। उस पर करीब 40 लोगों से 25 से 30 लाख रुपये लेने का आरोप है। मामले में दूसरा आरोपी नसीम अहमद अब भी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, चिरगांव निवासी राजेश मिश्रा और दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी नसीम अहमद पर प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में योग शिक्षक के पदों पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा देकर लोगों से पैसे लेने का आरोप है। बताया गया है कि दोनों ने ‘मेक आइडिया मेडिटेशन’ नामक संस्था के माध्यम से अलग-अलग स्कूलों में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।

सरकारी नौकरी पाने की उम्मीद में करीब 40 लोगों ने 25 से 30 लाख रुपये आरोपियों को दिए। हालांकि, लंबे समय तक इंतजार करने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं मिली। आरोप है कि इसके बाद भी उनकी रकम वापस नहीं की गई। ठगी का पता चलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर क्षेत्र के राजगढ़ निवासी मनोज राय ने 31 अगस्त 2025 को नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर राजेश मिश्रा और नसीम अहमद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान धोखाधड़ी के साथ कूटरचना और जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

करीब एक साल से आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस को राजेश मिश्रा के चिरगांव में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद नवाबाद और चिरगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब पुलिस मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी नसीम अहमद की तलाश में जुटी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire