UP Accident : आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर-डंपर की भिड़ंत के बाद भड़की आग, चालक-क्लीनर जिंदा जले
भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, दो की मौके पर मौत और तीन लोग गंभीर रूप से घायल

UP Accident : आगरा। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। खंदौली थाना क्षेत्र में गिट्टी से लदे डंपर और फ्रोजन मटर से भरे कंटेनर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सुबह करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में कुछ ही देर में आग फैल गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कंटेनर चालक ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि डंपर चालक और क्लीनर अंदर फंस गए।
हादसे के दौरान डंपर के पीछे बाइक से आ रहे दो युवक भी आग की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान सुमित सिंह और सीटू, निवासी नगला जालिम, खंदौली के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कंटेनर चालक भी हादसे में घायल हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिले। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया।
हादसे के कारण हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। शुरुआती जांच में डंपर चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कंटेनर चालक शिवराम के मुताबिक, सामने से अचानक डंपर आने पर उसने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।


