Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Prayagraj Temple Collapse: भारी बारिश के बीच स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

Prayagraj Temple Collapse: प्रयागराज में भारी बारिश के बीच स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसा रात में हुआ, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस जांच में जुटी है।

Prayagraj Temple Collapse: भारी बारिश के बीच स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग
X

Prayagraj Temple Collapse: प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मंदिर का हिस्सा गिरने के दौरान तेज आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई और उस वक्त मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से में कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मेहमानों के ठहरने के लिए होता था इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि मंदिर का जिस हिस्से को नुकसान पहुंचा है, उसका इस्तेमाल मुख्य रूप से धर्मशाला के तौर पर किया जाता था। यहां बाहर से आने वाले श्रद्धालु ठहरते थे। खासकर दक्षिण भारत से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के रुकने की व्यवस्था इस हिस्से में की जाती थी।

मंदिर के सुरक्षा गार्ड सूबेदार सिंह के मुताबिक, स्वामीनारायण मंदिर केपी कम्युनिटी सेंटर के सामने जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है।

मंदिर के पास खोदा गया था बड़ा गड्ढा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर के पास एक इमारत के निर्माण के लिए बड़ा गड्ढा खोदा गया था। लगातार बारिश के कारण इस गड्ढे में पानी जमा हो गया। पानी भरने के बाद आसपास की मिट्टी धंसने लगी, जिसके चलते मंदिर के हिस्से की नींव प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी मोइन अली ने बताया कि बारिश और नमी के बीच रात करीब 11 बजे मंदिर का हिस्सा अचानक गिर गया। उनके अनुसार, मंदिर के बगल में तीन अपार्टमेंट बनाए जाने के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें अक्सर पानी जमा रहता था।

रात में हुआ हादसा, टली बड़ी जनहानि

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर का हिस्सा तेज आवाज के साथ गिरा। रात का समय होने की वजह से क्षतिग्रस्त हिस्से में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था। इस कारण बड़ी जनहानि होने से बच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

प्रयागराज पुलिस कर रही जांच

प्रयागराज पुलिस और मंदिर प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि मंदिर के पास निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे और जलभराव का इस घटना से क्या संबंध है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire