Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : सुकुवां-ढुकुवां डैम में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत

UP News : सुकुवां-ढुकुवां डैम में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत
X

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सुकुवां-ढुकुवां डैम में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह तीनों के शव पानी में उतराते मिले, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर तीनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


एक मृतक की हुई पहचान, दो युवकों की तलाश जारी

मृतकों में से एक युवक की पहचान सीपरी बाजार क्षेत्र के मसीहागंज निवासी राजेश वंशकार के रूप में हुई है। वहीं, अन्य दो युवकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, दोनों अज्ञात युवक प्रेमनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों और मिले हुए साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।


डैम के पास मिली बाइक, जांच में जुटी पुलिस

बबीना थाना प्रभारी राहुल राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल के बाहर से एक मोटरसाइकिल भी मिली है। अब पुलिस बाइक के नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तीनों युवक डैम पर कब पहुंचे थे और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।


गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बेतवा नदी में पानी बढ़ने के कारण इन दिनों सुकुवां-ढुकुवां डैम पूरी क्षमता से भरा हुआ है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक डैम के उस हिस्से में नहा रहे थे, जहां से पानी नीचे गिरता है। आशंका है कि इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire