Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CM Yogi Varanasi Visit: कामकाजी महिला सम्मान समारोह में सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की योजनाएं, महिला पुलिस बल से लेकर रोजगार तक के प्रयासों का किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है और महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

CM Yogi Varanasi Visit: कामकाजी महिला सम्मान समारोह में सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की योजनाएं, महिला पुलिस बल से लेकर रोजगार तक के प्रयासों का किया जिक्र
X

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं बताईं। आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, सफाई मित्रों, आशा वर्करों समेत बड़ी संख्या में कामकाजी महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के लिए महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए प्रदेश में महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है और महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा में बाधा डालने वालों के लिए कानून के तहत कड़ी कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां महिलाएं बिना किसी डर के शिक्षा, रोजगार और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या में बड़ा इजाफा

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर लगभग 45 हजार तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए तीन महिला पीएसी बटालियन का गठन किया गया है, जिनके नाम वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी, ऊदा देवी और झलकारी बाई के नाम पर रखे गए हैं।

28 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 28 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सरकारी योजनाओं से बदली महिलाओं की जिंदगी

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालयों में 50 प्रतिशत सीटें बेटियों के लिए आरक्षित हैं। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के जरिए बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में किए दर्शन

कामकाजी महिला सम्मान समारोह से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी पहुंचकर कालभैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire