Baghpat Accident : ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे हादसे में मृतकों की संख्या 13 पहुंची, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को कैंटर ने मारी थी टक्कर
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी पलटने से एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी पलटने से एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना बड़ागांव कट के पास हुई, जहां श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन में करीब 32 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे थे।
कैंटर की टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई पिकअप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक कैंटर की टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। टक्कर लगने के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
बच्ची समेत चार श्रद्धालुओं की मौत
पुलिस के मुताबिक, हादसे में एक बच्ची समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
राजस्थान से यात्रा कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के अल्हापुर गांव के श्रद्धालु राजस्थान के बागड़ धाम से धार्मिक यात्रा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


