Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

US India Trade Bill: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पीयूष गोयल की दो टूक, डेडलाइन नहीं, देशहित पहले

US India Trade Bill: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पीयूष गोयल की दो टूक, डेडलाइन नहीं, देशहित पहले
X

US India Trade Bill: नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि भारत किसी समय सीमा के दबाव में व्यापार समझौते नहीं करेगा। गोयल ने जोर देकर कहा कि कोई भी समझौता देश के हित और आपसी लाभ को ध्यान में रखकर ही होगा।


गोयल ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, हम डेडलाइन के आधार पर समझौते नहीं करते। भारत अपनी शर्तों पर बात करता है। हमारा पहला लक्ष्य देश और जनता के हितों की रक्षा करना है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दोनों देश जुलाई 2025 तक एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए गहन बातचीत में जुटे हैं। बता दें, भारत और अमेरिका ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

गोयल ने बताया कि दोनों देशों के बीच वार्ता सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है, लेकिन जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। अमेरिका द्वारा स्टील और एल्यूमीनियम पर 26% टैरिफ लगाने के जवाब में भारत ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) में जवाबी टैरिफ की चेतावनी दी है। हालांकि, अमेरिका ने भारत पर यह टैरिफ 9 जुलाई तक स्थगित कर दिया है।

गोयल ने कहा, हम अमेरिका के साथ अच्छे संबंधों को महत्व देते हैं और सभी मुद्दों को द्विपक्षीय बातचीत से हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड, ओमान, चिली और पेरू जैसे अन्य देशों के साथ भी व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है, लेकिन हर समझौता भारत की शर्तों और राष्ट्रीय हितों के आधार पर होगा।

यह वार्ता उस समय हो रही है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत समेत कई देशों पर पारस्परिक टैरिफ की घोषणा की थी। गोयल ने स्पष्ट किया कि भारत दबाव में कोई समझौता नहीं करेगा और व्यापार सौदा दोनों देशों के लिए फायदेमंद होना चाहिए।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire