Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP: गोरखपुर में STF का एनकाउंटर, एक लाख का इनामी बदमाश ढेर

UP: गोरखपुर में STF का एनकाउंटर, एक लाख का इनामी बदमाश ढेर
X

UP: लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई सोमवार देर रात गोरखपुर-कुशीनगर मार्ग पर रामनगर-करजहा के पास हुई। पुलिस के अनुसार, बदमाश ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में हुई मौत

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुस्तफिजुल के पैर और आंख में गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मुठभेड़ में एसटीएफ के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है।

बसपा नेता की हत्या का था आरोपी

मुस्तफिजुल आजमगढ़ का रहने वाला था। उस पर वर्ष 2021 में बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या का आरोप था। इसी मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के करीब 10 मामले दर्ज थे।

पहले भी पुलिस से फरार हो चुका था

पुलिस ने बताया कि मुस्तफिजुल को वर्ष 2024 में गुजरात से गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूदकर वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire