Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP: उन्नाव में साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल पुलिस एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख का इनाम...

UP: उन्नाव में साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल पुलिस एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख का इनाम...
X

UP: लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में साधु मिलनदास हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस को उसकी तलाश थी।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के अनुसार, रविवार देर रात बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी टीम आगरा एक्सप्रेसवे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि साधु हत्याकांड का आरोपी ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

आत्मसमर्पण की बजाय की फायरिंग

पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उपनिरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के एक सिपाही के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में हुई मौत

घायल आरोपी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

साधु की हत्या से जुड़ा था मामला

गौरतलब है कि 9 जून को उन्नाव के घूरेटोला मोहल्ले में साधु मिलनदास की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी इसराइल फरार था। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire