Breaking News
:

UP Police Encounter : दरोगा हत्याकांड का आरोपी का हुआ अंत, एक लाख का इनामी ललन सिंह एनकाउंटर में मारा गया

UP Police Encounter

ललन सिंह पर कई संगीन अपराध दर्ज थे और वह वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

UP Police Encounter : सहारनपुर/वाराणसी। पूर्वांचल और बिहार में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन का आखिरकार पुलिस ने अंत कर दिया। एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को सहारनपुर में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। ललन सिंह पर कई संगीन अपराध दर्ज थे और वह वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।


पुलिस के अनुसार, आधी रात को सरसावा-नकुड़ मार्ग पर संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस टीम का सामना ललन सिंह और उसके साथी से हुआ। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


दरोगा की हत्या कर लूटी थी सर्विस रिवॉल्वर-

ललन सिंह का नाम पहली बार बड़े स्तर पर तब चर्चा में आया था, जब उसने 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक पुलिस दरोगा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह दरोगा की सरकारी रिवॉल्वर भी लूटकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद से वह पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।


हत्या, डकैती और लूट का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड-

बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला ललन सिंह अपने गिरोह के साथ कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा। उस पर दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत सात लोगों की हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसे गंभीर आरोप थे।


पुलिस को लंबे समय से थी तलाश-

वाराणसी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। नवंबर 2022 में चंदौली में हुई लूट और गोलीबारी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। तब से वह लगातार फरार चल रहा था।


साथी फरार, कई राज खुलने की उम्मीद-

मुठभेड़ के दौरान ललन सिंह का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में अभियान चला रही है। अधिकारियों का मानना है कि फरार साथी की गिरफ्तारी से गिरोह के नेटवर्क और कई पुराने मामलों के खुलासे हो सकते हैं।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us