Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : योगी कैबिनेट में इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी : सोलर सिटी के रूप में विकसित होगा गोरखपुर, नक्शा पास होते ही लैंड यूज बदल जाएगा, किसानों को भी बड़ी सौगात

UP News : योगी कैबिनेट में इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी : सोलर सिटी के रूप में विकसित होगा गोरखपुर, नक्शा पास होते ही लैंड यूज बदल जाएगा, किसानों को भी बड़ी सौगात
X

UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शहरी विकास और निवेश को नई गति देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब विकास प्राधिकरण या विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण में नक्शा पास होते ही भू-उपयोग (लैंड यूज) स्वतः बदल माना जाएगा। अलग से भू-उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया की जरूरत नहीं पड़ेगी। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोकभवन में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 39 प्रस्तावों में से 37 को मंजूरी मिली, जबकि दो को स्थगित कर दिया गया। यह फैसला प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

UP News : भू-उपयोग बदलने की प्रक्रिया सरल, राजस्व संहिता में संशोधन

योगी कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 80 में संशोधन को मंजूरी दी। पहले कृषि भूमि को गैर-कृषि (आवासीय, व्यावसायिक या औद्योगिक) उपयोग के लिए अलग से भू-उपयोग बदलवाना अनिवार्य था, जिससे विकास प्राधिकरणों में आवेदन लंबित रहते थे। अब यदि प्राधिकरण भूमि के लिए नक्शा पास कर देता है, तो उसी उपयोग के लिए भू-उपयोग स्वतः बदल माना जाएगा। इससे रियल एस्टेट, उद्योग स्थापना और विश्वविद्यालयों/कॉलेजों को जमीन उपलब्ध कराने में आसानी होगी। राजस्व विभाग जल्द विस्तृत नियमावली जारी करेगा।

UP News : किसानों को एमएसपी पर अतिरिक्त लाभ

कैबिनेट ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं खरीद नीति को मंजूरी दी। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले साल से 160 रुपये अधिक है। किसानों को एमएसपी के अलावा उतराई, सफाई और छनाई के लिए अतिरिक्त 20 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी मिलेगा। खरीद 30 मार्च 2026 से शुरू होकर 15 जून तक चलेगी। इससे किसानों की आय में सीधी बढ़ोतरी होगी और खरीद प्रक्रिया सुचारू रहेगी।

UP News : ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा कदम: घाटमपुर पावर प्लांट को मजबूती

कैबिनेट ने कानपुर के घाटमपुर में 660 मेगावॉट क्षमता वाले थर्मल पावर प्लांट (केंद्र-राज्य संयुक्त उपक्रम) की तीसरी यूनिट को आगे बढ़ाने के लिए झारखंड में मिले कोल ब्लॉक के विकास पर 2242.90 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। दो यूनिट पहले से चल रही हैं, तीसरी जल्द शुरू होगी। इससे बिजली उत्पादन बढ़ेगा और प्रदेश में ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।

UP News : अन्य महत्वपूर्ण फैसले और विकास की दिशा

बैठक में गोरखपुर को सोलर सिटी बनाने के लिए चिलुआताल में 20 मेगावॉट फ्लोटिंग सोलर प्लांट सहित कई प्रस्ताव पास हुए। योगी सरकार निवेश, औद्योगिक विकास, रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए नीतियों में लगातार संशोधन कर रही है। इन फैसलों से लंबित मामलों का निस्तारण तेज होगा और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन फैसलों की जानकारी दी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire