Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : उत्तर प्रदेश ने बनाया नया रिकॉर्ड, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया 35 करोड़ पौधारोपण

UP News : उत्तर प्रदेश ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया 35 करोड़ पौधारोपण
X

UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया इतिहास रचते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एक ही दिन में रिकॉर्ड 35.27 करोड़ पौधों का रोपण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रविवार को चले इस राज्यव्यापी महाअभियान ने सरकार के 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य को भी पार कर लिया। शाम 6:12 बजे तक प्रदेशभर में 35,27,89,926 पौधे लगाए जा चुके थे, जो निर्धारित लक्ष्य से करीब 27.89 लाख अधिक रहे।

UP News : गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी ने किया अभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से अभियान की शुरुआत करते हुए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने ताल रिंग रोड क्षेत्र में मौलश्री का पौधा भी रोपा। इस दौरान वन एवं पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी उपस्थित रहे।


UP News : राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों ने भी निभाई भागीदारी

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन परिसर में सफेद चंदन का पौधा लगाकर अभियान में हिस्सा लिया। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने अपने-अपने जिलों में पौधरोपण किया। प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर इस अभियान में भागीदारी निभाई।

UP News : प्रदेशभर में हजारों स्थानों पर हुआ पौधरोपण

महाअभियान के तहत वन क्षेत्र, ग्राम पंचायतें, रेलवे परिसर, रक्षा भूमि, एक्सप्रेसवे, सड़क किनारे, नहरों के तट, औद्योगिक क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, सरकारी कार्यालय और किसानों की निजी भूमि सहित हजारों स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए। सरकार का उद्देश्य वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।

UP News : तकनीक के जरिए हुई निगरानी, सभी पौधों की जियो-टैगिंग

वन विभाग ने अभियान की पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम (PMS) का उपयोग किया। एंड्रॉयड आधारित इस प्रणाली के माध्यम से पौधरोपण का डेटा रियल टाइम में दर्ज किया गया। साथ ही लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग भी की गई, ताकि भविष्य में उनकी देखरेख और निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

UP News : इस वर्ष 40 करोड़ से अधिक पौधरोपण का आंकड़ा पार

सरकार के अनुसार, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 5.01 करोड़ पौधे लगाए गए थे। रविवार को हुए रिकॉर्ड पौधरोपण को जोड़ने पर वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश में अब तक 40.29 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। सरकार का मानना है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire