Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

UP News : शारदा नहर के ऊपर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, कई मजदूर दबे, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

हादसे के समय मौके पर काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

UP News : शारदा नहर के ऊपर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, कई मजदूर दबे, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
X

UP News : हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731) पर शारदा नहर के ऊपर बन रहे निर्माणाधीन पुल का करीब 70 फीट लंबा भारी स्लैब अचानक गिर गया। हादसे के समय मौके पर काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, पुल पर आरसीएल कंपनी द्वारा निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह के समय दो क्रेनों की मदद से भारी स्लैब को ऊपर चढ़ाया जा रहा था, तभी अचानक एक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद पूरी संरचना नीचे गिर गई और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

स्लैब गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए जेसीबी मशीनें, अतिरिक्त क्रेन और एंबुलेंस मौके पर बुलाई गईं। काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सभी घायलों को पहले टोडरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों में राहुल (30) और गेंदालाल (35) की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जिला मजिस्ट्रेट अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान-

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ टीमों को भी मौके पर लगाकर बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire