UP News : ड्यूटी से लौटे होमगार्ड जवान की रहस्यमयी मौत, कान से बहता मिला खून, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
UP News : चंदौली। जनपद चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र स्थित श्रीकांठपुर गांव में एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। अलीनगर थाने में तैनात होमगार्ड जवान विजय कुमार भारती का शव बुधवार सुबह उनके घर के बरामदे में चारपाई के नीचे मिला। कान से खून निकलने के निशान मिलने के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
जानकारी के अनुसार विजय कुमार भारती मंगलवार रात अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह सोने चले गए। लेकिन बुधवार सुबह जब परिजन जागे तो उनका शव चारपाई के नीचे पड़ा मिला। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्षेत्राधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जवान रात में सोए थे और सुबह चारपाई के नीचे मृत अवस्था में पाए गए। हालांकि कान से खून निकलने की बात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मौत किसी हादसे का परिणाम है, स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हुई है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सकेगा। तब तक पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

