Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : चित्रकूट को मिली बड़ी सौगात : 300 बेड के अस्पताल की तैयारी तेज, सीएम योगी ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश

UP News : चित्रकूट को मिली बड़ी सौगात : 300 बेड के अस्पताल की तैयारी तेज, सीएम योगी ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश
X

UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर जोर दिया।

UP News : 300 बेड के अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना के लिए जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।

UP News : मंदाकिनी नदी, जल जीवन मिशन और रोजगार पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के पुनरुद्धार, गोवंश संरक्षण, जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा किसानों और युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए।

UP News : सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गलत सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

UP News : 951 करोड़ की 124 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

चित्रकूट एवं मानिकपुर विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ने लगभग 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को विकास की नई दिशा दी जा रही है। मुख्यमंत्री का चित्रकूट और बांदा का दौरा अगले दिन भी जारी रहेगा, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire