Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा, कछला घाट में तेज धारा में बहे 9 श्रद्धालु, एक की मौत, दो लापता

एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं।

UP News : गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा, कछला घाट में तेज धारा में बहे 9 श्रद्धालु, एक की मौत, दो लापता
X

UP News : बदायूं। जिले के कछला गंगा घाट पर गंगा दशहरा के मौके पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्नान के दौरान हाथरस से आए फुफेरे भाई-बहन समेत 9 श्रद्धालु गंगा की तेज धारा में बह गए। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि छह श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं।

जानकारी के अनुसार हाथरस जिले के थाना हसाइन क्षेत्र के ग्राम कानू निवासी नीलेश और उसकी फुफेरी बहन शिखा गंगा दशहरा पर स्नान करने कछला घाट पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब आठ बजे दोनों गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर तैनात गोताखोरों और पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नीलेश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं शिखा का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। नाव और स्ट्रीमर की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान घाट के दूसरे हिस्सों में भी कई श्रद्धालु तेज धारा की चपेट में आ गए थे। पुलिस, पीएसी जवानों और गोताखोरों की सतर्कता से पांच अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक अब भी लापता बताया जा रहा है।

गंगा दशहरा को लेकर कछला घाट पर भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और पीएसी की टीमें लगातार गश्त कर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी देती रहीं। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अविनाश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और गहरे पानी से दूर रहने की अपील की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire