Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

UP News : पतंग उतारते हुए हाइटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आया पोता, बचाने गए दादा, दोनों की मौत

Dev Verma
UP News : पतंग उतारते हुए हाइटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आया पोता, बचाने गए दादा, दोनों की मौत
X

UP News : बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। पतंग निकालने की कोशिश में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आए 12 वर्षीय बच्चे को बचाने दौड़े उसके दादा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

UP News : लोहे की रॉड से पतंग निकालना पड़ा भारी

यह हादसा खुर्जा नगर के मोहल्ला बुर्ज उस्मान में हुआ। जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय अहद अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग पास स्थित बिजली के पोल के तारों में फंस गई। पतंग निकालने के लिए वह लोहे की रॉड लेकर पोल के पास पहुंचा, लेकिन रॉड हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई और उसे जोरदार करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से अहद गंभीर रूप से झुलस गया।

UP News : पोते को बचाने पहुंचे दादा भी नहीं बच सके

अहद को तड़पता देख उसके 65 वर्षीय दादा इसरार उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, बचाव के प्रयास में वह भी बिजली की चपेट में आ गए। परिजन दोनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इसरार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे अहद को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

UP News : एक साथ उठीं दो अर्थियां, गम में डूबा पूरा मोहल्ला

अहद की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शनिवार को जब उसका शव घर पहुंचा तो पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दादा और पोते को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

UP News : हरदोई में भी करंट से महिला की मौत

इधर, हरदोई जिले के नस्यौली गोपार गांव में भी करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। बताया गया कि सबीना नाम की महिला घर में पोछा लगा रही थीं, तभी फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गईं। उनकी चीख सुनकर बड़ा बेटा साहिल उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन उसे भी करंट का झटका लगा। बाद में परिजनों ने सूखी लकड़ी की मदद से महिला को पंखे से अलग किया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

UP News : बिजली सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

बुलंदशहर और हरदोई की इन दोनों घटनाओं ने बिजली सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हाईटेंशन लाइनों के पास कभी भी धातु की वस्तुओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और घरों में बिजली उपकरणों की समय-समय पर जांच कराना जरूरी है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire