Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

UP News : ट्रेन से कानपुर पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, CSJMU के दीक्षांत समारोह में 1.05 लाख छात्रों को मिली डिग्री

Dev Verma
UP News : ट्रेन से कानपुर पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, CSJMU के दीक्षांत समारोह में 1.05 लाख छात्रों को मिली डिग्री
X

UP News : कानपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को एक अलग पहल करते हुए लखनऊ से कानपुर तक रेल यात्रा की। वह छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के 41वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए ट्रेन से पहुंचीं। इस यात्रा के माध्यम से उन्होंने सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

UP News : 1,05,066 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कुल 1,05,066 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 मेधावी विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। पदक पाने वालों में 42 छात्राएं और 9 छात्र शामिल रहे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होना चाहिए।

UP News : एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कानपुर नगर और कानपुर देहात के लिए 500 आंगनबाड़ी किट वितरित कीं। इसके साथ ही 800 बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण अभियान को एक वर्ष के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को जरूरी संसाधनों से मजबूत करने पर जोर दिया।

UP News : विश्वविद्यालयों में स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जो

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में मोबाइल मेडिकल केयर वैन शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे गोद लिए गए गांवों और विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों में गर्भ संस्कार पाठ्यक्रम, अशिक्षित महिलाओं के लिए साक्षरता अभियान, नशामुक्त और स्वच्छ परिसर, जल संरक्षण तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए।

UP News : विद्यार्थियों को पुस्तकालय और नवाचार से जुड़ने की अपील

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से रोजाना पुस्तकालय में अध्ययन करने और अपने विचारों को लिखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा ही देश के भविष्य के निर्माता हैं और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों को पढ़ाई बीच में छोड़ चुके विद्यार्थियों को कौशल विकास से जोड़ने, डिजिटल लॉकर के माध्यम से डिग्री उपलब्ध कराने और नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

UP News : स्टार्टअप एक्सपो का किया निरीक्षण

दीक्षांत समारोह से पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में आयोजित स्टार्टअप एक्सपो का अवलोकन किया। उन्होंने पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और 10 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षकों, नवाचार करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

UP News : कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, एआईसीटीई अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक समेत बड़ी संख्या में शिक्षाविद, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire