Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

UP News : यूपी में बाल श्रमिकों को शिक्षा और आर्थिक मदद, CM योगी ने सभी 75 जिलों में लागू किया ‘बाल श्रमिक विद्या योजना’

Dev Verma
UP News : यूपी में बाल श्रमिकों को शिक्षा और आर्थिक मदद, CM योगी ने सभी 75 जिलों में लागू किया ‘बाल श्रमिक विद्या योजना’
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों के कल्याण को नई दिशा देते हुए ‘बाल श्रमिक विद्या योजना’ को पूरे प्रदेश में विस्तारित करने का ऐलान किया है। अब यह योजना 20 जिलों की बजाय सभी 75 जिलों में लागू होगी। योजना के तहत 8 से 18 वर्ष के कामकाजी बच्चों को स्कूलों से जोड़कर शिक्षा के साथ आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

सेवामित्र व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगी सरकार

मुख्यमंत्री ने श्रम एवं सेवायोजन विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि ‘सेवामित्र व्यवस्था’ को और मजबूत किया जाए। इससे सरकारी विभागों में पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। वर्तमान में पोर्टल पर 54,747 कुशल कामगार पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री ने सभी औद्योगिक शहरों में आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए। इन केंद्रों को केवल जुटान स्थल नहीं, बल्कि श्रमिक सहायता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। दूसरे राज्यों से आए श्रमिकों के लिए सुरक्षित आवास व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

कानपुर में बनेगा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान

मुख्यमंत्री ने कानपुर में 200 प्रशिक्षुओं की क्षमता वाला औद्योगिक श्रमिक प्रशिक्षण संस्थान और छात्रावास बनाने की घोषणा की। यहां बढ़ई, बिजली मिस्त्री, नलसाज जैसे ट्रेड्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रमिक राज्य की प्रगति की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें सम्मानजनक जीवन, शिक्षा और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

रोजगार मेलों से लाखों युवाओं को मिला रोजगार

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में 3,030 रोजगार मेलों के माध्यम से 3.74 लाख युवाओं को रोजगार मिला। ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के तहत 27,555 युवाओं का चयन हुआ, जिनमें 2,300 युवा विदेश जाने के लिए चुने गए। जर्मनी और जापान में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। रोजगार संगम पोर्टल को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रोजगार मिलान और ऑनलाइन परामर्श व्यवस्था से और मजबूत किया जाएगा।

32,583 कारखाने पंजीकृत, औद्योगिक विकास को गति

मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में अब तक 32,583 कारखाने पंजीकृत हो चुके हैं। सरकार औद्योगिक विकास को बढ़ावा देते हुए श्रमिक हितों को भी प्राथमिकता दे रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रमिकों के कल्याण, युवाओं को रोजगार और मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire