Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : बांके बिहारी मंदिर के पास श्रद्धालुओं पर गिरा मकान का छज्जा, दर्शन के बीच मची अफरा-तफरी

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

UP News : बांके बिहारी मंदिर के पास श्रद्धालुओं पर गिरा मकान का छज्जा, दर्शन के बीच मची अफरा-तफरी
X

UP News : मथुरा। उत्तर प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल वृंदावन में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरे बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में एक निजी मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे दर्शन के लिए आए कई लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर-5 के समीप हुआ। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के लिए गली से गुजर रहे थे। तभी एक पुराने मकान का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि छज्जे पर काफी संख्या में बंदर बैठे हुए थे, जिससे उस पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और वह अचानक ढह गया।

हादसे में चार से पांच श्रद्धालुओं के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जबकि कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहतकर्मियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया तथा लोगों की आवाजाही पर अस्थायी नियंत्रण लगाया गया। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि छज्जा जर्जर होने के कारण गिरा या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। साथ ही मंदिर क्षेत्र में पुराने भवनों की सुरक्षा जांच कराने की भी तैयारी की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire