Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : यमुना में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, एक अब भी लापता

इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की तलाश अब भी जारी है।

UP News : यमुना में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, एक अब भी लापता
X

UP News : आगरा। आगरा में गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना नदी में उतरे बच्चों के लिए मंगलवार का दिन मौत बनकर सामने आया। थाना कमला नगर क्षेत्र में नहाने के दौरान छह बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए, जिससे घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की तलाश अब भी जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे नदी किनारे नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में अन्य बच्चे भी डूबने लगे। बच्चों की चीख सुनते ही आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी की रेस्क्यू टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से पांच बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान कान्हा, रिया और महक ने दम तोड़ दिया, जबकि काजल और अंशू की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं एक अन्य बच्चे की तलाश के लिए देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। गोताखोर लगातार नदी में तलाश कर रहे हैं और आसपास के घाटों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire