Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : होमवर्क पूरा नहीं कर पाया 10 साल का छात्र, टीचर ने मासूम को 105 बार डंडे से मारा, पैर और शरीर पर चोट के निशान

UP News : होमवर्क पूरा नहीं कर पाया 10 साल का छात्र, टीचर ने मासूम को 105 बार डंडे से मारा, पैर और शरीर पर चोट के निशान
X

UP News : गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक निजी स्कूल शिक्षक द्वारा होमवर्क पूरा न करने पर दूसरी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र को 105 डंडे मारने की घटना ने शिक्षा जगत और समाज को स्तब्ध कर दिया है। मामला गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र का है, जहां चतरुपुर गांव के निवासी मजदूर राज प्रसाद गोस्वामी का बेटा अभिषेक गोस्वामी एमआरजी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है।

UP News : जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सोशल साइंस की क्लास के दौरान शिक्षक प्रखर सिंह ने अभिषेक का होमवर्क दिखाने को कहा। होमवर्क अधूरा मिलने पर शिक्षक ने गुस्से में आकर बच्चे पर 105 डंडे बरसाए। इतनी क्रूरता से पीटे जाने के बाद बच्चे के पैरों और शरीर पर गहरे नीले निशान उभर आए और पैरों में सूजन भी हो गई। हैरानी की बात यह रही कि पिटाई के बाद मासूम को चुप कराने के लिए शिक्षक ने उसे एक बिस्किट दिया और धमकी दी कि अगर घर में किसी को बताया तो अगली बार और भी ज्यादा पीटा जाएगा।

UP News : गंभीर हालत में बच्चा घर पहुंचा, तो परिजन उसकी हालत देखकर दंग रह गए। पीड़ित परिवार ने जब स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, तो प्रिंसिपल माधवराज ने उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया और उन्हें डांटकर स्कूल से भगा दिया। इस दबाव के बावजूद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। घटना के गंभीर होने के कारण स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक प्रखर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।

UP News : गोंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मेडिकल परीक्षण कराकर चोटों का कानूनी दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सुशील कुमार सिंह ने भी मामले का संज्ञान लिया और कहा कि दोषी पाए जाने पर स्कूल और शिक्षक दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना में शिक्षा अधिकार अधिनियम (RTE) 2009 की धारा 17 का उल्लंघन हुआ है, जो बच्चों को किसी भी तरह का शारीरिक दंड या मानसिक प्रताड़ना देने पर सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान करता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire