Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP News : कानपुर में ‘प्रैंक’ के नाम पर 10 साल के बच्चे का अपहरण, 2 लाख की मांगी थी फिरौती; 5 यूट्यूबर गिरफ्तार

UP News : कानपुर में ‘प्रैंक’ के नाम पर 10 साल के बच्चे का अपहरण, 2 लाख की मांगी थी फिरौती; 5 यूट्यूबर गिरफ्तार
X

UP News : कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर के बर्रा इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां ‘प्रैंक वीडियो’ बनाने के नाम पर 10 साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उससे फिरौती मांगी गई। 11 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे बर्रा-8 निवासी अमित शुक्ला का बेटा हर्षल, जो चौथी कक्षा का छात्र है, घर के पास सब्जी लेने गया था। इसी दौरान दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर केडीएमए स्कूल के पास सुनसान जगह पर ले जाकर धमकाया और उसकी मां को फोन कर 2 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए मजबूर किया।

UP News : बेटे के अपहरण की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद आरोपियों ने फिर 5 हजार रुपये किदवई नगर स्थित यूपी किराना स्कूल के पास पहुंचाने को कहा। करीब दो घंटे बाद उन्होंने खुद को यूट्यूबर बताते हुए इसे ‘प्रैंक’ बताया और बच्चे को बिना पैसे लिए छोड़ दिया। घटना से आहत मां ने अगले दिन गुजैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

UP News : पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तीन नाबालिग समेत आठ युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पोस्ट करते थे और इस बार ‘रियल किडनैपिंग प्रैंक’ शूट कर रहे थे। पुलिस ने नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया, जबकि पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire